09 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: देशभर में शुक्रवार को करवाचौथ का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाएं इस दिन की तैयारियों में जुट गई हैं। इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपने हाथों पर पति निक जोनस के नाम की खास मेहंदी रचाई और इसका प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।
प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने हाथों की मेहंदी के डिज़ाइन को फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। मेहंदी में प्रियंका ने अपने पति निक का नाम भी शामिल करवाया। साथ ही, उनकी बेटी मालती ने भी अपने छोटे हाथों में मेहंदी लगवाई, जो बेहद क्यूट लग रही थी।
प्रियंका ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “शिरीन चारनिया, इस करवाचौथ पर आपकी पसंद का काम कर रही हूं…” शिरीन चारनिया एक फेमस मेहंदी आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने कई सेलेब्स को मेहंदी दी है।
प्रियंका पहले भी कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि निक उनके धर्म का बहुत सम्मान करते हैं और वह खुद भी ईसाई रीति-रिवाज निभाती हैं। उनके घर में दोनों धर्मों के त्योहारों को समान महत्व दिया जाता है और मालती को भी दोनों धर्मों की शिक्षा दी जा रही है।
निक और प्रियंका की शादी साल 2018 में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में हुई थी, जिसमें हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाज अपनाए गए थे। साल 2022 में कपल ने सेरोगेसी के जरिए बेटी मालती का स्वागत किया।
सोशल मीडिया वीडियो में प्रियंका आराम से बैठी हैं और निक उनके बाल बना रहे हैं। इस दौरान कपल की बॉन्डिंग साफ झलक रही है। निक हमेशा प्रियंका को इवेंट्स में स्पेशल फील कराने और कपल गोल्स बनाने का मौका नहीं छोड़ते।
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका एसएस राजामौली की फिल्म ‘एसएसएमबी29’ में नजर आने वाली हैं। हाल ही में वह मुंबई में बुलगारी ब्रांड के इवेंट में भी दिखाई दी थीं और मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पंडाल पहुंचीं, जहां उन्होंने पर्पल लुक से सबका ध्यान खींचा।













