August 18, 2026 Fact Recorder
National Desk: आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के अडांकी मंडल में सोमवार को एक पुलिस कार हादसे के बाद विवादों में घिर गई। शंकवरप्पाडु के पास पुलिस की कार ने पहले बाइक और फिर ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार की जांच करने पर उसमें गांजा, शराब की बोतलें और पुलिस की वर्दी मिलने का दावा किया गया।
जानकारी के मुताबिक, संथमगुलुरु के SI नागमल्लेश्वर राव और बल्लीकुरवा के SI नागराजू कार में सवार थे। हादसे के बाद दोनों अधिकारियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और मौके पर कार छोड़कर चले गए।
ग्रामीणों ने कार की तलाशी ली
बाद में जब अडांकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त करने की कोशिश की, तब वहां मौजूद ग्रामीणों ने कार की जांच की। ग्रामीणों ने कार में शराब की बोतलें और गांजा मिलने का दावा किया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया।
इसी दौरान अडांकी के CI सुब्बाराजू भी घटनास्थल पर पहुंचे और वीडियो बनाने वाले लोगों को रोकने की कोशिश की। इसको लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी भी हुई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कहीं पुलिसकर्मी शराब के नशे में तो वाहन नहीं चला रहे थे।
YSRC नेता ने लगाए गंभीर आरोप
YSRC के अडांकी निर्वाचन क्षेत्र के इंचार्ज डॉ. अशोक कुमार ने मामले को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों की कुछ संदिग्ध गतिविधियों और अवैध ग्रेनाइट कारोबार से जुड़े लोगों से मुलाकात की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त पुलिस वाहन से गांजा और शराब का मिलना गंभीर मामला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल पर फोटो और वीडियो बना रहे स्थानीय लोगों को पुलिस अधिकारियों ने धमकाने की कोशिश की।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
डॉ. अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के गांजा-मुक्त आंध्र प्रदेश के अभियान का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि पुलिस की गाड़ी से गांजा बरामद होने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी।
उन्होंने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने और कार में मौजूद पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच के साथ दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।













