14 May 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: मोहाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा नेता Ramesh Kumar Verma ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को मतदान वाले दिन छुट्टी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 26 मई को होने वाले नगर निगम चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं और हर नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग करने का पूरा मौका मिलना चाहिए।
रमेश कुमार वर्मा ने कहा कि इस बार मतदान मंगलवार को हो रहा है, जो एक कार्यदिवस है। मोहाली में बड़ी संख्या में लोग निजी कंपनियों, संस्थानों और निजी अस्पतालों में कार्यरत हैं। ऐसे में कई कर्मचारियों को वोट डालने के लिए छुट्टी नहीं मिल पाने की आशंका है, जिससे वे मतदान से वंचित रह सकते हैं।
उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और श्रम विभाग से अपील की कि मतदान वाले दिन सभी निजी संस्थानों और अस्पतालों में कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से छुट्टी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बना सकें।
वर्मा ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है और उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।













