Home Hindi यूक्रेन में रूस का बड़ा हमला, लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट को...

यूक्रेन में रूस का बड़ा हमला, लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट को नुकसान; 2 कर्मचारियों की मौत, 14 घायल

August 17,2026 Fact Recorder

International Desk:  रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर बड़े हवाई हमले हुए हैं। रूस ने यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर स्थित आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया। यह कंपनी भारतीय मूल के अरबपति कारोबारी लक्ष्मी मित्तल से जुड़ी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में प्लांट के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य कर्मचारी घायल हुए हैं। क्रिवी रीह स्थित यह प्लांट यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील इकाइयों में से एक है। यह शहर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का गृह नगर भी है।

प्लांट की बिजली और उत्पादन व्यवस्था प्रभावित

रूसी मिसाइल हमले से प्लांट की बिजली व्यवस्था और स्टील उत्पादन से जुड़ी ब्लास्ट फर्नेस यूनिट को नुकसान पहुंचा। इसके बाद संयंत्र में उत्पादन का कुछ हिस्सा रोकना पड़ा। हालांकि, अभी तक प्लांट को हुए कुल नुकसान का स्पष्ट आकलन सामने नहीं आया है।

यह हमला ऐसे समय हुआ जब यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए थे। ऐसे में रूसी कार्रवाई को यूक्रेनी ड्रोन हमलों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

यूक्रेन ने रूस पर किए सैकड़ों ड्रोन हमले

रूस के मुताबिक, रविवार रात यूक्रेन ने उसके कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया।

मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने इसे हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, करीब 600 ड्रोन राजधानी की ओर बढ़ रहे थे, जिनमें से कई को मॉस्को क्षेत्र में ही मार गिराया गया।

मॉस्को क्षेत्र में 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौ*त

आंद्रेई वोरोब्योव के मुताबिक, मॉस्को क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन के निजी घर पर गिरने से 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य ड्रोन हमले के कारण रूस की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम में आग लग गई।

वहीं, रूस के रोस्तोव क्षेत्र के तीन शहरों को भी ड्रोन हमलों में निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में 5 लोगों की मौत हुई और कई घरों तथा एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में दोनों पक्षों की ओर से लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। ताजा हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है।