Home Hindi दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर बड़ा हादसा, राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में...

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर बड़ा हादसा, राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग

17 May 2026 Fact Recorder

National Desk: दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में अचानक आग लग गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया।

जानकारी के मुताबिक त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस रतलाम से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:30 बजे आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में आग लगने की सूचना मिली। गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सतर्क किया, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।

घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से राहत कार्य शुरू करते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

हादसे के चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।