
7 July 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट में हुए चर्चित जानकीदास हत्याकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच के अनुसार, शूटरों का असली निशाना कैश काउंटर पर बैठने वाला एक चश्मा लगाए मोटा व्यक्ति था, लेकिन पहचान में हुई गलती के कारण कैशियर जानकीदास की गो*ली मारकर ह*त्या कर दी गई।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अमित कुमार उर्फ शराबी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया। इस दौरान ह*त्या की साजिश, आरोपियों की गतिविधियों और टारगेट की पहचान से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले दूसरी मेडिकल दुकान पर गया, लेकिन वहां उसे बताए गए हुलिये का व्यक्ति नहीं मिला। बाद में वह श्री कुमार केमिस्ट पहुंचा, जहां कैश काउंटर पर बैठे जानकीदास का हुलिया बताए गए व्यक्ति से मिलता-जुलता लगा। इसके बाद उसके साथी ने जानकीदास पर गोली चला दी।
जांच एजेंसियां आरोपी के बयानों का सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से मिलान कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि इससे हत्या की साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद रोहित माखन ने अमित शराबी की बातचीत गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से कराई थी। इसके बाद कथित तौर पर टारगेट किलिंग की साजिश रची गई। अब पुलिस रोहित माखन को भी प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लाकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
इस बीच अदालत ने अमित शराबी का पुलिस रिमांड पांच दिन और बढ़ा दिया है। जांच एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय लेनदेन और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे सुपारी नेटवर्क और हत्या की साजिश की परतें खोलने में जुटी हैं।












