06 May 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) ने डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 18 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में निर्धारित डोप टेस्ट में शामिल न होने के कारण भेजा गया है।
ITA के मुताबिक, पिछले एक साल में यह उनका “व्हेयरअबाउट्स” नियम के तहत पहला उल्लंघन है। एजेंसी ने उन्हें 7 मई 2026 तक इस मामले में जवाब देने के लिए कहा है। फिलहाल उन्हें चेतावनी दी गई है, लेकिन नियमों के अनुसार यदि कोई खिलाड़ी एक वर्ष में तीन बार डोप टेस्ट मिस करता है या अपनी लोकेशन की सही जानकारी नहीं देता, तो उस पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
बताया गया है कि यह “आउट ऑफ कॉम्पिटीशन” टेस्ट था, जो प्रतियोगिता से बाहर सामान्य समय में खिलाड़ियों की निगरानी के लिए किया जाता है, ताकि प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल पर नजर रखी जा सके।
इस मामले में विनेश फोगाट ने अपनी अनुपस्थिति का कारण बताते हुए कहा कि वह उस समय हरियाणा के जुलाना क्षेत्र से विधायक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही थीं और बेंगलुरु से चंडीगढ़ की यात्रा पर थीं। उन्होंने पारिवारिक कारणों और हाल ही में बच्चे के जन्म का भी हवाला दिया है।













