Home Hindi भारत का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर नीतीश कौशल अमेरिका में गिरफ्तार, FBI की...

भारत का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर नीतीश कौशल अमेरिका में गिरफ्तार, FBI की वांटेड लिस्ट में था शामिल

17 July 2026 Fact Recorder

International Desk:  भारतीय मूल के गैंगस्टर नीतीश कौशल उर्फ ‘लाला’ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसे वरमोंट से गिरफ्तार किया। नीतीश कौशल हाल ही में FBI की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया गया था और उस पर अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, अपहरण, हिंसक हमलों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप हैं।

FBI के अनुसार, करीब 26 वर्षीय नीतीश कौशल पंजाब के कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है। जांच एजेंसी का दावा है कि यह गिरोह भारत के साथ-साथ अमेरिका में भी हत्या, अपहरण, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, ड्रग्स सप्लाई, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

25 जून को जारी हुआ था गिरफ्तारी वारंट

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत ने 25 जून 2026 को नीतीश कौशल के खिलाफ RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations Act) के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। FBI ने उसे सशस्त्र, खतरनाक और फरार होने की आशंका वाला आरोपी बताया था।

‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत हुई कार्रवाई

नीतीश कौशल की गिरफ्तारी अमेरिकी एजेंसियों के संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत की गई। इस अभियान में FBI, DEA, HSI और अन्य एजेंसियां भारत और कनाडा से जुड़े संगठित अपराध नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के दौरान करीब—

  • 1,000 किलोग्राम कोकीन
  • 1 किलोग्राम हेरोइन
  • 40 हजार अमेरिकी डॉलर नकद
  • 12 हथियार

बरामद किए गए। इसके अलावा कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और लॉस एंजिलिस में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी भी की गई।

चार्जशीट में कई बड़े गैंगस्टरों के नाम

FBI की चार्जशीट में नीतीश कौशल के अलावा लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा, रविंदर सिंह ढांडा समेत कुल 37 आरोपियों के नाम शामिल हैं। इन पर अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, नशा तस्करी, हवाला कारोबार, हथियारों की तस्करी, रंगदारी और हत्या जैसे गंभीर मामलों में जांच चल रही है।