IND vs ENG: ECB के सीईओ ने कहा – भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज व्यवसाय के लिहाज से एशेज के बराबर क्यों है?

IND vs ENG: ECB के सीईओ ने कहा - भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज व्यवसाय के लिहाज से एशेज के बराबर क्यों है?

18 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Sports Desk: IND vs ENG टेस्ट सीरीज: ECB के सीईओ ने बताया क्यों है यह एशेज जितनी ही महत्वपूर्ण                                                                                                                      श्रीलंका पर इंग्लैंड की हालिया सीरीज जीत के बाद लॉर्ड्स में खाली सीटें क्रिकेट के लिए अच्छी खबर नहीं थीं। हालांकि, इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड को उम्मीद है कि भारत की मजबूत फैन फॉलोइंग की वजह से गर्मियों में होने वाली भारत-इंग्लैंड पांच मैचों की टेस्ट सीरीज शानदार साबित होगी।

गोल्ड ने कहा कि यह टेस्ट सीरीज व्यावसायिक दृष्टि से एशेज के बराबर महत्व रखती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2024 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यह सीरीज इंग्लैंड के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान जरूर खींचेगी। पिछले साल देश के खेल प्रेमी पेरिस ओलंपिक और यूरोप के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट यूरो में व्यस्त थे, जिससे क्रिकेट पर ध्यान कम गया था।

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से बातचीत में गोल्ड ने कहा, “हम जानते हैं कि यह सीरीज कितनी बड़ी है। यह गर्मियों का सबसे अहम क्रिकेट सत्र होगा। पिछली गर्मियों में कई बड़े खेल आयोजन हुए थे, लेकिन यह पांच टेस्ट मैचों की सीरीज एक लंबी और रोमांचक कहानी लेकर आएगी, जिसमें कई मोड़ होंगे। यह छह सप्ताह की अवधि में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद दिलचस्प साबित होगी।”

हालांकि विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने हाल के महीनों में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन भारत का मैदान के बाहर मजबूत प्रभाव इस सीरीज को एशेज के बराबर व्यावसायिक महत्व देता है। गोल्ड ने स्पष्ट किया, “व्यवसाय के लिहाज से यह सीरीज निश्चित रूप से एशेज के बराबर है।”

यह सीरीज 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नए चरण की शुरुआत भी करेगी। भारत ने 2007 के बाद इंग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है, जबकि पिछली बार 2021-22 में यह सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। ऐसे में इस बार भारत-इंग्लैंड सीरीज का महत्व और भी बढ़ गया है।