23 May 2026 Fact Recorder
National Desk: State Bank of India (SBI) के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। वीकेंड, प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियों के चलते देशभर में बैंक की शाखाओं में लगातार छह दिनों तक कामकाज प्रभावित रह सकता है।
जानकारी के अनुसार 23 मई से 28 मई 2026 तक कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं बंद रहने की संभावना है। 23 मई को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 24 मई को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
इसके बाद All India SBI Staff Federation ने 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। यदि हड़ताल होती है तो इन दो दिनों में बैंक शाखाओं में लेन-देन और अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
वहीं 27 और 28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर कई राज्यों में क्षेत्रीय अवकाश घोषित किए जा सकते हैं। अलग-अलग राज्यों में त्योहार की तारीख अलग होने के कारण छुट्टियां भी अलग-अलग दिन पड़ सकती हैं।
इन लगातार छुट्टियों और हड़ताल के चलते ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटाने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, ATM और डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।













