16 June 2026 Fact Recorder
Education Desk: NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए भारत में Telegram प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 22 जून 2026 तक लागू रहेगा और 21 जून को होने वाली री-एग्जाम परीक्षा तथा उसके तुरंत बाद की अवधि को भी कवर करेगा।
केंद्र सरकार ने यह फैसला राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर लिया है। सरकार का कहना है कि कुछ संगठित गिरोह Telegram का इस्तेमाल फर्जी पेपर लीक, धोखाधड़ी और अभ्यर्थियों को गुमराह करने के लिए कर रहे थे।
NTA ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में मदद मिलेगी। सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह कार्रवाई की है।
मैसेज एडिटिंग फीचर पर भी रोक
सरकार ने Telegram को भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों के लिए ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर 30 जून तक बंद करने का निर्देश भी दिया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस फीचर का इस्तेमाल कथित पेपर लीक से जुड़े फर्जी सबूत तैयार करने और गलत जानकारी फैलाने के लिए किया जा रहा था।
21 जून को होगी दोबारा परीक्षा
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। अब इसकी दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के लाखों अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा समय में भी बदलाव
छात्रों की मांग को देखते हुए परीक्षा अवधि में 15 मिनट की बढ़ोतरी की गई है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन और परीक्षा केंद्र चयन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने की तैयारी की गई है।
सरकार का कहना है कि यह फैसला अस्थायी है और इसका उद्देश्य केवल परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है।











