Home Hindi गाजा युद्धविराम पर फिर संकट, नेतन्याहू बोले- हमास के हथियार डालने तक...

गाजा युद्धविराम पर फिर संकट, नेतन्याहू बोले- हमास के हथियार डालने तक पीछे नहीं हटेगा इजराइल

5 August 2026 Fact Recorder

International Desk:  गाजा में युद्धविराम और स्थायी शांति की कोशिशों के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ताजा बयान ने एक बार फिर शांति समझौते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेतन्याहू ने स्पष्ट कहा कि जब तक हमास पूरी तरह हथियार नहीं छोड़ देता, तब तक इजराइली सेना गाजा में अपने मौजूदा ठिकानों से पीछे नहीं हटेगी। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका की ओर से तैयार किए गए हालिया शांति प्रस्ताव पर भी असहमति जताई है।

नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप प्रशासन की ओर से भेजे गए मसौदे से इजराइल सहमत नहीं है और उसने अपनी आपत्तियां अमेरिका को भेज दी हैं। उनका कहना है कि इजराइल की प्राथमिकता अपने नागरिकों और सीमाओं की सुरक्षा है और सेना इसी दिशा में कार्रवाई जारी रखेगी।

शांति समझौते पर बढ़ी अनिश्चितता

प्रस्तावित समझौते के तहत हमास द्वारा चरणबद्ध तरीके से हथियार छोड़ने, इजराइल द्वारा सैन्य कार्रवाई रोकने और गाजा के लगभग 60 प्रतिशत हिस्से से सेना हटाने की बात कही गई थी। यह प्रस्ताव पहले हुए युद्धविराम समझौते पर आधारित है, जिसके तहत कुछ बंधकों की रिहाई और बड़े सैन्य अभियानों में कमी आई थी। हालांकि दोनों पक्षों के बीच शर्तों को लेकर अब भी मतभेद बने हुए हैं।

चुनाव से पहले नेतन्याहू पर बढ़ा दबाव

इजराइल में अक्टूबर में आम चुनाव प्रस्तावित हैं और नेतन्याहू के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है। ऐसे में उन्होंने दोहराया कि किसी भी राजनीतिक समझौते से पहले हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण जरूरी है।

गाजा में सामूहिक अंतिम संस्कार

इसी बीच गाजा में 2023 में हुए एक बड़े हवाई हमले में मारे गए लोगों के शव अब मलबे से निकाले जा रहे हैं। मंगलवार को 100 से अधिक लोगों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया। यह शव गाजा सिटी के सबरा इलाके में नष्ट हुई इमारतों के मलबे से बरामद किए गए।

हमास के नियंत्रण वाले सिविल डिफेंस विभाग के अनुसार हाल ही में हुई खुदाई में 112 लोगों के अवशेष मिले हैं, जिनमें 40 बच्चे भी शामिल हैं। एजेंसी का कहना है कि अभी भी 157 से अधिक शव मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।

मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए युद्ध में अब तक 73,377 से अधिक फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। वहीं मंत्रालय का दावा है कि करीब 7,400 लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

दूसरी ओर, इजराइल के अनुसार 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद शुरू हुई सैन्य कार्रवाई अब तक जारी है।

युद्धविराम पर बनी हुई है असहमति

युद्धविराम लागू होने के बाद भी गाजा में हिंसा पूरी तरह नहीं थमी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार युद्धविराम के बाद भी 1,252 लोगों की मौत हो चुकी है। इजराइल का कहना है कि स्थायी शांति तभी संभव है जब हमास हथियार छोड़ दे, जबकि हमास की मांग है कि पहले इजराइल हमले बंद करे और गाजा से सेना हटाए। इसी मतभेद के कारण शांति समझौता फिलहाल अधर में लटका हुआ है।