19 May 2026 Fact Recorder
Business Desk: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच देश में पेट्रोल और डीजल फिर महंगे हो गए हैं। पांच दिनों के भीतर दूसरी बार तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है।
ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी New Delhi में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। तेल कंपनियों ने सोमवार देर रात पेट्रोल पंप संचालकों को नई कीमतों की जानकारी दी।
इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। उस समय पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया था।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देगा। माल ढुलाई महंगी होने से खाने-पीने की वस्तुओं समेत रोजमर्रा के सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर दैनिक यात्रा करने वालों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और छोटे व्यापारियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और उत्पादन लागत बढ़ने के कारण दाम बढ़ाने पड़े हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ईंधन कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।













