Home Education शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से लेकर संसद में चर्चा तक… राहुल गांधी...

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से लेकर संसद में चर्चा तक… राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के सामने रखीं 5 बड़ी मांगें

22 July 2026 Fact Recorder

National Desk:  NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शन और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मंगलवार को दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं।

पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन, राहुल और प्रियंका हिरासत में

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन और धरना दिया। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम और प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया। बाद में रात करीब 9 बजे दोनों को रिहा कर दिया गया।

राहुल गांधी की 5 बड़ी मांगें

रिहाई के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं—

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
  • प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और छात्रों पर दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं।
  • छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
  • NEET पेपर लीक मामले पर संसद के दोनों सदनों में तत्काल चर्चा कराई जाए।
  • परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था में जल्द से जल्द कड़े और प्रभावी सुधार लागू किए जाएं।
सरकार से पूछे तीखे सवाल

राहुल गांधी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था बार-बार क्यों विफल हो रही है? पेपर लीक की घटनाएं लगातार क्यों हो रही हैं? उच्च शिक्षा इतनी महंगी क्यों होती जा रही है कि परिवारों को अपनी पूरी जमा-पूंजी दांव पर लगानी पड़ रही है? उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब देश के युवाओं को मिलना चाहिए।

केंद्र सरकार का पलटवार

राहुल गांधी के आरोपों पर प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का रुख विरोधाभासी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले विपक्ष संसद में चर्चा की मांग कर रहा था और अब मंत्रियों के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन कांग्रेस समाधान निकालने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा नहीं, बल्कि राजनीतिक माहौल बनाना है।