Home Entertainment Don 3 विवाद: रणवीर सिंह ने IMPPA को दी कानूनी कार्रवाई की...

Don 3 विवाद: रणवीर सिंह ने IMPPA को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, कहा- नहीं है कोई फॉर्मल एग्रीमेंट

August 24,2026 Fact Recorder 

Bollywood Desk:  रणवीर सिंह की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की इस फिल्म से रणवीर सिंह के अलग होने के बाद निर्माताओं की ओर से कथित तौर पर करीब 45 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग की जा रही है। अब इस मामले में रणवीर सिंह की कानूनी टीम ने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) को पत्र भेजकर अपना पक्ष रखा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह की टीम का कहना है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ उनका कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ था। दोनों पक्षों के बीच केवल एक MoU होने की बात कही गई है। टीम ने IMPPA से इस शिकायत को खारिज करने का अनुरोध भी किया है।

IMPPA से मामले में दखल न देने की अपील

मामले से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह की कानूनी टीम ने IMPPA से कहा है कि इस विवाद में संस्था के स्तर पर कार्रवाई का आधार नहीं बनता। टीम का तर्क है कि यदि निर्माताओं को कोई कानूनी दावा करना है तो वे अदालत का रुख कर सकते हैं।

बताया गया है कि रणवीर सिंह की ओर से IMPPA को यह पहला पत्र नहीं है। इससे पहले भी उनकी टीम शिकायत को खारिज करने का अनुरोध कर चुकी है।

14 अगस्त की बैठक हुई थी स्थगित

फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की ओर से 45 करोड़ रुपये के कथित नुकसान को लेकर IMPPA में शिकायत किए जाने के बाद 14 अगस्त को बैठक तय की गई थी। हालांकि, बैठक से पहले रणवीर सिंह की कानूनी टीम का पत्र मिलने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी बैठक के लिए पहुंचे थे, जहां उन्हें बैठक स्थगित होने की जानकारी दी गई।

दूसरे पत्र में दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

इसके बाद 18 अगस्त की बैठक को लेकर रणवीर सिंह की कानूनी टीम की ओर से एक और पत्र भेजे जाने की बात सामने आई है। इसमें कथित तौर पर कहा गया कि एक्सेल एंटरटेनमेंट की शिकायत का कोई ठोस आधार नहीं है।

साथ ही टीम ने चेतावनी दी कि अगर IMPPA इस मामले में रणवीर सिंह के खिलाफ कोई प्रस्ताव पारित करता है, तो अभिनेता कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपना सकते हैं।

फिलहाल ‘डॉन 3’ से जुड़े इस विवाद में दोनों पक्षों के दावों को लेकर मामला कानूनी और संस्थागत स्तर पर आगे बढ़ता नजर आ रहा है।