मजीठिया की गिरफ्तारी पर बोले सीएम मान: सबूतों के आधार पर की गई कार्रवाई, चाहे जितना भी ताकतवर हो, नहीं मिलेगा छोड़

26 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी पर बोले सीएम भगवंत मान: “पूरे सबूतों के साथ की गई कार्रवाई, और भी बड़े नेता होंगे गिरफ्तार”                                                                    पंजाब के पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनके अमृतसर स्थित निवास से गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मजीठिया के खिलाफ की गई यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी और सबूतों के आधार पर की गई है।

सीएम मान ने कहा, “विपक्ष लंबे समय से यह आरोप लगाता आ रहा था कि बड़ी मछलियों पर कार्रवाई नहीं हो रही। अब जब कार्रवाई की गई है, तो वही विपक्ष एकजुट होकर इसका विरोध कर रहा है। इसका साफ मतलब है कि कुछ और नेता भी इस जाल में फंसे हो सकते हैं। अब चाहे कोई कितना भी ताकतवर हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने कहा कि मजीठिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों और पैसों की संदिग्ध लेन-देन की जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान 29 मोबाइल फोन और चार लैपटॉप बरामद किए गए हैं। सीएम ने तंज कसते हुए पूछा कि किसी को इतने मोबाइल की क्या ज़रूरत है?

ईडी की एंट्री की संभावना                                                                                               मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी एंट्री हो सकती है। उन्होंने कहा, “पहले भी ईडी ने कार्रवाई की थी और आगे भी कर सकती है। आने वाले दिनों में और भी ‘बड़े मगरमच्छ’ कानून के घेरे में आ सकते हैं।” मान ने स्पष्ट किया कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं, चाहे राजनीतिक नुकसान ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह ही जनता से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहेंगे।

सख्त संदेश                                                                                                                      सीएम भगवंत मान का यह बयान पंजाब की राजनीति में बड़े बदलाव और सख्त कार्रवाई का संकेत दे रहा है। उनका कहना है कि यह शुरुआत है, आगे और भी कई नाम सामने आ सकते हैं।