Home Hindi पंजाब के किसान पूरे देश के लिए मिसाल: शिवराज चौहान

पंजाब के किसान पूरे देश के लिए मिसाल: शिवराज चौहान

समराला (लुधियाना): 18 Nov 2026 Fact Recorder

Punjab Desk :   केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को लुधियाना जिले के समराला स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कृषि क्षेत्र में इस्तेमाल की जा रही आधुनिक तकनीकों का जायजा लिया और वैज्ञानिकों से खेती के नए तरीकों की जानकारी हासिल की।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने मैपिंग तकनीक से चलने वाला ऑटोमैटिक ट्रैक्टर भी चलाया। यह ट्रैक्टर बिना ड्राइवर के खेत में निर्धारित रास्ते पर चलकर खेती से जुड़े कार्य करने में सक्षम है। उन्होंने धान की पराली को जलाने के बजाय मिट्टी में मिलाने की तकनीक का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और खेती की लागत, खाद, कीटनाशकों के इस्तेमाल तथा कृषि क्षेत्र की अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती, धान की सीधी बुवाई और कीटनाशकों का कम से कम इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।

शिवराज चौहान ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ जमीन को बचाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत किसानों को वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने और मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

पंजाब के किसानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के किसान पूरे देश के लिए मिसाल हैं। इस बार पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के लिए केवल पराली जलाना ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि इसके कई अन्य कारण भी हैं। ऐसे में पंजाब के किसानों को प्रदूषण के लिए बदनाम करना उचित नहीं है।

पंजाब में धान की सरकारी खरीद बंद होने और कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) जारी करने में देरी से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह इस मामले में राजनीति नहीं करना चाहते। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने इस बार भी धान की रिकॉर्ड खरीद की है। वहीं, पंजाब की ओर से अतिरिक्त सीसीएल की मांग के बारे में उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही।