Home Himachal रिज मैदान, शिमला में ग्रामीण भारत महोत्सव का शुभारंभ

रिज मैदान, शिमला में ग्रामीण भारत महोत्सव का शुभारंभ

शिमला 18 Nov 2026 Fact Recorder

National Desk :    राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय, पदमदेव कॉम्प्लेक्स, रिज मैदान, शिमला में 19 से 28 नवंबर 2026 तक ग्रामीण भारत महोत्सव (जीबीएम) – हिमाचल प्रदेश 2026 का आयोजन कर रहा है। महोत्सव में 10 राज्यों के ग्रामीण कारीगर, बुनकर, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), संयुक्त देयता समूह (जेएलजी), किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और गैर-कृषि उत्पादक संगठन (ओएफपीओ) 40 स्टॉलों पर अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

महोत्सव का उद्घाटन डॉ. विवेक पठानियां , मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय, 19 नवंबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे करेंगे।

डॉ. पठानियां ने कहा, ” ग्रामीण भारत महोत्सव से हमारे ग्रामीण उत्पादक अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों को बेच पाते हैं। ग्राहकों से सीधे मिलने पर उन्हें बेहतर दाम मिलते हैं और बाज़ार की माँग समझ में आती है। अलग-अलग राज्यों के कारीगर एक-दूसरे के अच्छे तरीके भी सीखते हैं और लंबे समय तक चलने वाले व्यावसायिक संबंध बनते हैं। यहाँ की गई हर खरीदारी एक ग्रामीण परिवार का सहारा बनती है।”

हिमाचल की विरासत की झलक

मेजबान राज्य हिमाचल प्रदेश के 14 स्टॉल होंगे, जिनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पाद शामिल होंगे। प्रमुख उत्पाद इस प्रकार हैं:

  • स्पीति के सी-बकथॉर्न उत्पाद और लाहौली बुनी हुई जुराबें
  • कुल्लू का रणसिंघा, धातु और काष्ठ शिल्प
  • हिमाचली काष्ठ नक्काशी शिल्प
  • चंबा चप्पल
  • पांगी की जड़ी-बूटियाँ, दालें और सूखे मेवे
  • किन्नौर के ऊनी वस्त्र और सूखे मेवे
  • मंडी के सेपू-बड़ी, लाल चावल, देसी घी और शहद
  • सोलन का चीड़ की पत्तियों और बाँस से बना शिल्प
  • ऊना की हर्बल चाय और काले गेहूँ का दलिया
  • शिमला की मिलेट मिठाइयां और सेब उत्पाद

भारत के शिल्प एक ही स्थान पर

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के उत्पादक समूह जीआई-टैग वाले और पारंपरिक उत्पाद लेकर आएंगे, जिनमें शामिल हैं:

राज्यउत्पाद
उत्तर प्रदेशजीआई लकड़ी के खिलौने, लखनवी चिकनकारी, बागपत के होम टेक्सटाइल
जम्मू और कश्मीरबसोहली पश्मीना शॉल, स्टोल और मफलर
गुजरातकच्छ कढ़ाई, अजरख ब्लॉक प्रिंट, मनका कला (बीड आर्ट)
मध्य प्रदेशभेड़ाघाट पत्थर शिल्प, भैरवगढ़ बटिक प्रिंट
महाराष्ट्रविदर्भ करवती रेशमी साड़ियाँ, टसर रेशम
राजस्थानजीआई मेहंदी, गुलाब और फालसा उत्पाद
पंजाबफुलकारी सूट और दुपट्टे, मिलेट उत्पाद
हरियाणास्टोन-डस्ट पेंटिंग, सुजनी रजाइयाँ, टेराकोटा
उत्तराखंडभीमल रेशे के उत्पाद, मूंज घास की टोकरियाँ, ऊनी वस्त्र

महोत्सव का महत्व

यह महोत्सव ग्रामीण उत्पादकों को सीधा विपणन मंच देने के नाबार्ड के प्रयासों का हिस्सा है। यह उत्पादकों, खरीदारों और संस्थाओं को एक स्थान पर लाता है और जीआई-टैग व पारंपरिक शिल्पों को व्यापक पहचान दिलाता है। यह आयोजन वोकल फॉर लोकल और विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय विज़न को समर्थन देता है। महिला-नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूहों और उद्यमों के उत्पाद प्रदर्शित करके यह अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 को भी रेखांकित करता है।

नाबार्ड शिमला के नागरिकों, पर्यटकों, सरकारी विभागों, संस्थानों और कॉर्पोरेट खरीदारों को महोत्सव में आने और कारीगरों का उत्साहवर्धन करने के लिए आमंत्रित करता है।