गुरुग्राम (हरियाणा): 18 Nov 2026 Fact Recorder
National Desk : गुरुग्राम के आसपास के छह गांवों के किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार ने प्रस्तावित ‘ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड’ (ग्रेटर एसपीआर) परियोजना के तहत अधिग्रहित की जाने वाली जमीन के मुआवजे की दरें तय कर दी हैं। इसके तहत किसानों को करीब 986 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण विभाग द्वारा तय दरों के अनुसार किसानों को 4.92 करोड़ से 8.25 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा मिलेगा। बादशाहपुर के किसानों को सबसे अधिक 8.25 करोड़ रुपये प्रति एकड़ दिए जाएंगे। वहीं, मैदावास में 6.17 करोड़, बहरामपुर में 5.26 करोड़, धूमसपुर में 5.19 करोड़, उल्लावास में 4.96 करोड़ और कादरपुर में 4.92 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर तय की गई है।
160 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) इस परियोजना के लिए करीब 160 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर रहा है। इसके बदले लगभग 986 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए आवश्यक 116 एकड़ जमीन ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR) के बदले सरकार को सौंपी गई है।
गुरुग्राम को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
ग्रेटर एसपीआर परियोजना से गुरुग्राम के रिहायशी, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। इससे आवागमन के नए रास्ते उपलब्ध होंगे और मौजूदा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
इस परियोजना से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और सदर्न पेरिफेरल रोड के आसपास रियल एस्टेट क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। बड़ी रियल एस्टेट कंपनियां यहां आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।
रियल एस्टेट क्षेत्र के विशेषज्ञों के अनुसार, यह परियोजना गुरुग्राम के विकास में अहम भूमिका निभा सकती है। इससे नए रिहायशी इलाकों तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्र में निवेश तथा विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी।













