Home Entertainment नेत्रहीन गायिका वैकोम विजयलक्ष्मी को रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026

नेत्रहीन गायिका वैकोम विजयलक्ष्मी को रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026

विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश): 18 Nov 2026 Fact Recorder
National Desk :   अगर मन में कुछ कर दिखाने का जज्बा हो तो कोई भी मुश्किल सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। इसकी मिसाल हैं केरल की मशहूर नेत्रहीन गायिका वैकोम विजयलक्ष्मी, जिन्होंने अपनी सुरीली आवाज और असाधारण संगीत प्रतिभा से देशभर में अलग पहचान बनाई है। गायिकी के साथ-साथ उन्हें एक खास वाद्य यंत्र ‘गायत्री वीणा’ बजाने में भी महारत हासिल है।

रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित

वैकोम विजयलक्ष्मी को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। इससे पहले उन्हें 2024 की मलयालम फिल्म ‘अजयन्ते रंदम मोशनम’ के गीत ‘अंगू वाना कोनिलू’ के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला प्लेबैक सिंगर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।

45 वर्षीय विजयलक्ष्मी ने इस सम्मान को भगवान का उपहार बताते हुए अपने माता-पिता, गुरुओं और रामोजी समूह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का पल है।

डेढ़ साल की उम्र से शुरू किया गायन

विजयलक्ष्मी ने महज डेढ़ साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था और पांच साल की उम्र में पहली बार सार्वजनिक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान महान शास्त्रीय गायक के.जे. येसुदास ने उनकी गायिकी सुनी और आशीर्वाद देते हुए उनके महान गायिका बनने की भविष्यवाणी की थी।

खिलौने की वीणा से ‘गायत्री वीणा’ तक का सफर

बचपन से ही उन्हें संगीत वाद्य यंत्रों में गहरी रुचि थी। उनका संगीत सफर एक साधारण खिलौने की वीणा से शुरू हुआ, जिसे उनके एक दोस्त ने प्लास्टिक की बोतल और तार की मदद से बनाया था।

बाद में उनके पिता वी. मुरलीधरन ने पारंपरिक तंबूरे को एक तार वाले इलेक्ट्रिक वाद्य यंत्र में बदल दिया। प्रसिद्ध वायलिन वादक कुन्नाकुडी वैद्यनाथन ने इस वाद्य यंत्र का नाम ‘गायत्री वीणा’ रखा। वर्ष 2017 में विजयलक्ष्मी ने इसी वाद्य यंत्र को लगातार साढ़े छह घंटे बजाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

फिल्मी और भक्ति संगीत में बनाई पहचान

वर्ष 2013 में मलयालम फिल्म ‘सेल्युलॉइड’ के गीत ‘कट्टे कट्टे’ से उन्होंने प्लेबैक गायिकी की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्हें मलयालम और तमिल फिल्मों में कई अवसर मिले। वह कर्नाटक, हिंदुस्तानी, भक्ति और फिल्मी संगीत में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

संगीत मेरे लिए पूजा है: विजयलक्ष्मी

राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने को अपनी जिंदगी का यादगार पल बताते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होना उनके लिए बेहद खास अनुभव था।

युवा गायकों को संदेश देते हुए विजयलक्ष्मी ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन या आजीविका का साधन नहीं, बल्कि एक गहरी आध्यात्मिक साधना है। उनके अनुसार कला भगवान की ओर से मिला अनमोल उपहार है और इसे पूरी श्रद्धा तथा निस्वार्थ भावना से अपनाना चाहिए।