7 August 2026 Fact Recorder
Politics Desk: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने शिकायतकर्ता और भाजपा सदस्य विग्नेश शिशिर को पूछताछ के लिए तलब किया है। शिशिर को सोमवार को सीबीआई कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।
मीडिया से बातचीत में विग्नेश शिशिर ने पुष्टि की कि उन्हें सीबीआई कार्यालय बुलाया गया है। हालांकि, उन्होंने यह कहते हुए मामले पर अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया कि प्रकरण फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने 12 मई को बंद कमरे में करीब दो घंटे तक सुनवाई की थी। बाद में जारी आदेश में अदालत ने कहा था कि सीबीआई ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना जवाब दाखिल करेगी।
याचिकाकर्ता विग्नेश शिशिर ने अपनी याचिका में राहुल गांधी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराने की मांग की है।
इससे पहले हाई कोर्ट ने कहा था कि यदि शिकायत प्राप्त हुई है तो आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन किया जा सकता है। अदालत ने सीबीआई, ईडी, केंद्र सरकार के संबंधित विभागों तथा गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) सहित अन्य पक्षों को भी मामले में निर्धारित अवधि के भीतर अपना जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए थे।













