Home Hindi राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर पीएम मोदी की अपील, ‘हैंडलूम खरीदें, वीडियो बनाकर...

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर पीएम मोदी की अपील, ‘हैंडलूम खरीदें, वीडियो बनाकर बुनकरों का बढ़ाएं हौसला’

7 August 2026 Fact Recorder

National Desk :  राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (7 अगस्त) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भारतीय हैंडलूम उत्पाद खरीदने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे देश के बुनकरों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

हैंडलूम डे से एक दिन पहले प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि देश की समृद्ध हथकरघा परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने के लिए लोग अपने पसंदीदा हैंडलूम उत्पादों के साथ छोटे-छोटे वीडियो, जिनमें ‘Get Ready With Me (GRWM)’ जैसे वीडियो भी शामिल हो सकते हैं, बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें।

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि 7 अगस्त 1905 को अंग्रेजों के खिलाफ स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसने देश में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की नई चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हथकरघा दिवस उसी ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है और यह भारत के हैंडलूम उद्योग को प्रोत्साहित करने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि हैंडलूम उत्पादों की खरीद और उनके प्रचार-प्रसार से न केवल भारत की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बुनकरों और छोटे कारोबारियों की आय में भी वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और भारतीय हथकरघा उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का आह्वान किया।

हर वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी। इस दिन का उद्देश्य देश के हथकरघा बुनकरों की कला, कौशल और योगदान का सम्मान करना तथा इस क्षेत्र के संरक्षण, संवर्धन और सतत विकास को बढ़ावा देना है।