Home Hindi पश्चिम बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 24 जुलाई...

पश्चिम बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 24 जुलाई को होगी वोटिंग

6 July 2026 Fact Recorder

National Desk : भारतीय निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन रिक्त राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा कर दी है। ये सीटें तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं।

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 7 जुलाई 2026 को जारी होगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 17 जुलाई निर्धारित की गई है।

तीनों सीटों के लिए मतदान 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। आयोग के अनुसार, पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।

गौरतलब है कि सुखेंदु शेखर राय ने 8 जून, सुष्मिता देव ने 10 जून और प्रकाश चिक बराइक ने 11 जून 2026 को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद ये तीनों सीटें रिक्त हो गई थीं।