6 July 2026 Fact Recorder
Entertainment Desk: टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों लिवर कैंसर के इलाज से गुजर रही हैं। हाल ही में उन्होंने अस्पताल से अपनी सेहत को लेकर नया अपडेट साझा किया। पति शोएब इब्राहिम ने बताया कि इलाज के तहत दीपिका की इन्फ्यूजन थेरेपी चल रही है और अब यह प्रक्रिया हर 20-21 दिनों में नियमित रूप से की जा रही है।
अस्पताल से साझा किए गए वीडियो में दीपिका बेड पर लेटी नजर आईं। उन्होंने बताया कि उनका आयरन लेवल कम होने के कारण उन्हें आईवी के जरिए आयरन भी दिया जा रहा है। दीपिका ने कहा कि दवाइयों की वजह से उन्हें हल्का चक्कर और नींद महसूस हो रही है, लेकिन बाकी उनकी तबीयत ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है।
शोएब इब्राहिम ने बताया कि इस बार इलाज डे-केयर प्रक्रिया के तहत किया गया ताकि दोनों रात तक घर लौटकर अपने बेटे रूहान के साथ समय बिता सकें। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में रूहान अपनी मां दीपिका से काफी ज्यादा जुड़ गया है और उनके अस्पताल जाने पर वह उन्हें बहुत मिस करता है।
गौरतलब है कि 2025 में दीपिका कक्कड़ ने स्टेज-2 लिवर कैंसर की जानकारी दी थी। ट्यूमर की सर्जरी के बाद भी उनका इलाज जारी है। जून में डॉक्टरों ने दो नए सिस्ट मिलने की पुष्टि की थी, जिसके बाद उन्हें इम्यूनोथेरेपी शुरू करने की सलाह दी गई। दीपिका लगातार अपने इलाज और रिकवरी से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से प्रशंसकों के साथ साझा कर रही हैं।













