चंडीगढ़, 5 जुलाई 2026 Fact Reocrder
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम एक 54 साल पुरानी दो मंजिला व्यावसायिक इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय भवन के अंदर निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे सात मजदूर और कर्मचारी मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती बचाव अभियान में पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद एनडीआरएफ ने करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद मलबे में फंसे दो अन्य लोगों को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर
मलबे से सुरक्षित निकाले गए रमेश ने बताया कि हादसे के समय इमारत के अंदर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे। शाम लगभग 4:20 बजे अचानक तेज झटके महसूस हुए और कुछ ही सेकंड में पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। इसके बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे में दब गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन की टाइमलाइन
- शाम 4:20 बजे: इमारत गिरी।
- 4:45 बजे: पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
- करीब 5:10 बजे: पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
- 7:20 बजे: एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली।
- 9:30 बजे: छठे व्यक्ति को मलबे से निकाला गया।
- 9:45 बजे: सातवें व्यक्ति को बाहर निकाला गया।
- 9:50 बजे: बचाव अभियान समाप्त किया गया।
1972 में बनी थी इमारत
जानकारी के अनुसार, यह इमारत वर्ष 1972 में आवंटित की गई थी और उसी समय इसका निर्माण हुआ था। यह एक व्यावसायिक भवन था, जिसे करीब 15 दिन पहले किराये पर लिया गया था। भवन में स्क्रैप से जुड़ा काम और मरम्मत का कार्य चल रहा था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण इमारत में सीलन आ गई थी, जिससे उसकी संरचना कमजोर हो गई और वह अचानक ढह गई।
इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपीएस चावला ने बताया कि भवन काफी पुराना था और उसकी जर्जर स्थिति हादसे की प्रमुख वजह हो सकती है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इमारत गिरने के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।













