Home Himachal भूस्खलन से कालका-शिमला टॉय ट्रेन सेवा प्रभावित, ट्रैक पर फंसा इंजन; कई...

भूस्खलन से कालका-शिमला टॉय ट्रेन सेवा प्रभावित, ट्रैक पर फंसा इंजन; कई ट्रेनें रद्द और शॉर्ट टर्मिनेट

शिमला, 5 जुलाई 2026 Fact Recorder

Himachal Desk; कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलमार्ग पर भूस्खलन के कारण टॉय ट्रेन सेवा प्रभावित हो गई। शनिवार दोपहर केजे और कानो रेलवे स्टेशनों के बीच पहाड़ी से मलबा ट्रैक पर आ गिरा, जिससे इंजन संख्या 702 ट्रैक पर ही फंस गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और बहाली कार्य शुरू कर दिया, लेकिन देर शाम तक रेलमार्ग पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:41 बजे भूस्खलन की घटना हुई। सूचना मिलते ही परमानेंट वे (Permanent Way) विभाग की टीम 4:32 बजे मौके पर पहुंची और ट्रैक से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए।

रेलवे के अनुसार—

  • ट्रेन संख्या 52454 का सफर शिमला में ही समाप्त कर दिया गया, जबकि उसका रैक कालका भेजा जाएगा।
  • ट्रेन संख्या 52460 को तारादेवी स्टेशन तक ही संचालित किया गया।
  • ट्रेन संख्या 52455 और 04503 को कंडाघाट स्टेशन पर रोक दिया गया।
  • ट्रेन संख्या 52456 और 04504 को शनिवार के लिए शिमला-कालका मार्ग पर पूरी तरह रद्द कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रैक से मलबा हटाने और रेल यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।