Home Chandigarh चंडीगढ़ के स्कूलों और हरियाणा CM ऑफिस को बम से उड़ाने की...

चंडीगढ़ के स्कूलों और हरियाणा CM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

21 May 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़ में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ईमेल में शहर के कई स्कूलों के साथ सेक्टर-1 स्थित हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा अंबाला से दिल्ली तक धमाकों और रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी भी दी गई है।

धमकी की सूचना मिलते ही Chandigarh Police और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। पुलिस ने प्रभावित स्कूलों की घेराबंदी कर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी तैनात रहीं।

अब तक की जांच और तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ है। वहीं हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है और वहां भी गहन जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन और दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें खालिस्तान का जिक्र करते हुए चंडीगढ़ के स्कूलों और हरियाणा CM कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई। ईमेल में अंबाला से दिल्ली तक रेलवे ट्रैक पर धमाके करने की चेतावनी भी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती आशंका है कि यह दहशत फैलाने की साजिश या शरारत हो सकती है, लेकिन जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही हैं।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियां सतर्क हैं।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों, अदालतों, सचिवालयों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों को इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। लगातार बढ़ रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।