शांति, सामाजिक सदभाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का लिया संकल्प
मंडी, 21 मई 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी को शपथ दिलाई कि वे देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास रखते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे। साथ ही मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सदभाव और सुझबूझ बनाए रखने तथा मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने का भी संकल्प लिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं और आम जनता को आतंकवाद और हिंसा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि यह दिवस पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर मनाया जाता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह पटियाल, तहसीलदार निर्वाचन राजेश शर्मा , सीपीओ रमन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













