Home Hindi बांसवाड़ा में दिखा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सादगीभरा अंदाज, ग्रामीण परिवार संग...

बांसवाड़ा में दिखा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सादगीभरा अंदाज, ग्रामीण परिवार संग जमीन पर बैठकर किया भोजन

21 May 2026 Fact Recorder

National Desk:  राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ क्षेत्र स्थित चुड़ादा गांव में मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma का बेहद सादगीपूर्ण और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गांव निवासी गट्टूलाल यादव के घर पहुंचे और परिवार के साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक तरीके से भोजन किया।

मुख्यमंत्री ने पत्तल-दोने में दाल-चावल और मिक्स वेज का स्वाद लिया। भोजन में आलू, ग्वार फली और मटर की सब्जी के साथ आमरस भी परोसा गया। ग्रामीण परिवेश में परिवार के साथ बैठकर भोजन करते हुए मुख्यमंत्री ने आत्मीयता का संदेश दिया।

भोजन के बाद मुख्यमंत्री घर के बाहर खाट पर बैठ गए और गांव के लोगों, महिलाओं तथा बुजुर्गों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने गांव की स्थिति, खेती-बाड़ी, पशुपालन और लोगों की आजीविका से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के लाभ और क्षेत्र की जरूरतों पर भी चर्चा की।

इससे पहले ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों और पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और लाभकारी खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने बताया कि बैलों से पारंपरिक खेती करने वाले किसानों को सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बिजली और पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चल रही योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर सुदृढ़ीकरण, माही, देवास और सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं पर तेजी से काम होने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और वर्ष 2027 तक यह सुविधा पूरे राजस्थान में लागू करने का लक्ष्य है।

उन्होंने स्थानीय कृषि उत्पादों के अनुसार प्रोसेसिंग यूनिट, ग्रीन हाउस और पॉली हाउस को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि राजस्थान दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बना रहा है और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत किसानों को 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कृषि क्षेत्र में नवाचार करने का आह्वान किया और कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 4 लाख भर्तियों के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किसानों, पशुपालकों और युवा उद्यमियों को चेक और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।