15 May 2026 Fact Recorder
Education Desk: National Testing Agency ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के री-एग्जाम की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक मामले के बाद रद्द कर दिया गया था।
केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद National Testing Agency ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। किसी भी जानकारी के लिए छात्र NTA की ईमेल आईडी और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई हाई लेवल बैठक
री-एग्जाम की तैयारियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें:
- विनीत जोशी
- संजय कुमार
- अभिषेक सिंह
सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
पेपर लीक मामले की जांच में जुटी CBI
Central Bureau of Investigation फिलहाल NEET-UG पेपर लीक मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसी की टीम राजस्थान के जयपुर के जमवारामगढ़ इलाके में आरोपियों के घर भी पहुंची और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
अब तक इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में:
- मंगीलाल बिवाल
- विकास बिवाल
- दिनेश बिवाल
सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
150 से ज्यादा लोग हिरासत में
पेपर लीक मामला सामने आने के बाद राजस्थान SOG ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें कई अभ्यर्थी और उनके परिजन भी शामिल बताए गए हैं।
अब दोबारा परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके।













