13 May 2026 Fact Recorder
Business Desk: Noida International Airport से उड़ान भरने वाले यात्रियों को अब अतिरिक्त यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) देनी होगी। एयरपोर्ट आर्थिक नियामक प्राधिकरण (AERA) ने एयरपोर्ट के लिए नई टैरिफ दरों को मंजूरी दे दी है। इसके तहत घरेलू यात्रियों से 490 रुपए और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से 980 रुपए UDF लिया जाएगा।
AERA के अनुसार, आने वाले घरेलू यात्रियों को 210 रुपए और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 420 रुपए शुल्क देना होगा। यह नई दरें 2026-27 की शुरुआती परिचालन अवधि के लिए लागू होंगी। एयरपोर्ट 15 जून 2026 से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करेगा।
एयरपोर्ट का संचालन Yamuna International Airport Private Limited (YIAPL) करेगी, जो Zurich Airport International AG की सहयोगी कंपनी है। यह प्रोजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत विकसित किया गया है।
रेगुलेटर ने बताया कि एयरपोर्ट ऑपरेटर ने घरेलू यात्रियों के लिए 653 रुपए और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,200 रुपए UDF का प्रस्ताव रखा था, लेकिन AERA ने इससे कम दरों को मंजूरी दी। आने वाले वर्षों में यह शुल्क धीरे-धीरे बढ़ेगा। 2030-31 तक घरेलू यात्रियों के लिए UDF 693 रुपए और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,461 रुपए तक पहुंच सकता है।
एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग फीस भी तय कर दी गई है। 15 जून 2026 से 31 मार्च 2027 तक घरेलू उड़ानों के लिए 725 रुपए प्रति मीट्रिक टन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 1,088 रुपए प्रति मीट्रिक टन शुल्क लिया जाएगा। अगले पांच वर्षों में इसमें भी चरणबद्ध बढ़ोतरी होगी।
AERA का कहना है कि ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होने की वजह से यहां शुरुआती निवेश काफी ज्यादा है। इसी कारण प्रति यात्री यील्ड (YPP) और शुल्क संरचना पुराने ब्राउनफील्ड एयरपोर्ट्स की तुलना में अधिक रखी गई है।
चार चरणों में विकसित हो रहे इस एयरपोर्ट के पहले फेज में एक रनवे और एक टर्मिनल होगा, जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी। अंतिम चरण पूरा होने के बाद एयरपोर्ट हर साल करीब 7 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा।













