Home Hindi वायरल बयान: E20 पेट्रोल पर BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान,...

वायरल बयान: E20 पेट्रोल पर BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान, बोले- “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा क्या?”

August 10,2026 Fact Recorder

Politics Desk:  रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E20 को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने E20 का विरोध करने वालों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश में शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध ही नहीं है, तो उसकी मांग क्यों की जा रही है।

मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने को लेकर देश में विरोध हो रहा है। इसी दौरान उन्होंने तीखे अंदाज में पूछा, “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा क्या?” उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।

एथेनॉल के समर्थन में क्या बोले सांसद?

भाजपा सांसद ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का समर्थन करते हुए ब्राजील का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ब्राजील में एथेनॉल का बड़े स्तर पर इस्तेमाल होता है और वहां वाहन एथेनॉल मिश्रित ईंधन से चलते हैं। उनका कहना था कि भारत में भी ऑटोमोबाइल कंपनियां एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के अनुरूप इंजन तैयार कर रही हैं।

मिश्रा ने देश की पेट्रोल आयात पर निर्भरता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी पेट्रोल जरूरतों का बड़ा हिस्सा विदेशों से पूरा करता है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच ईंधन की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में एथेनॉल का इस्तेमाल जरूरी है।

E20 पेट्रोल को लेकर क्यों हो रही बहस?

देश में E20 पेट्रोल को लेकर वाहन मालिकों के बीच लगातार चर्चा देखने को मिल रही है। कुछ वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर माइलेज कम होने और इंजन से जुड़ी समस्याओं के दावे किए हैं। वहीं, सरकार एथेनॉल मिश्रण को पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानती है।

नितिन गडकरी के बयानों के बाद भी बढ़ा विवाद

E20 को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पिछले बयानों के बाद भी इस मुद्दे पर राजनीतिक और सोशल मीडिया बहस तेज हुई थी। अब जनार्दन मिश्रा का बयान सामने आने के बाद एक बार फिर एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर चर्चा गर्म हो गई है।

फिलहाल सांसद के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और E20 के फायदे, नुकसान तथा वाहनों पर इसके प्रभाव को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।