Home Education UP Police Constable Exam 2026: परीक्षा केंद्र जाने से पहले पढ़ लें...

UP Police Constable Exam 2026: परीक्षा केंद्र जाने से पहले पढ़ लें ये जरूरी नियम, नहीं तो रुक सकती है एंट्री

8 June 2026  Fact Recorder

Education Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए अहम निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें, क्योंकि नियमों का पालन न करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है।

समय से पहले पहुंचना अनिवार्य

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे के बीच तथा दूसरी पाली के उम्मीदवारों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

ये दस्तावेज साथ रखना जरूरी

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र अनिवार्य है। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे। इसके अलावा दो हालिया पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो भी साथ रखने होंगे। मोबाइल में दिखाए गए दस्तावेज या फोटोकॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी।

पेन और ड्रेस कोड का रखें ध्यान

परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी, इसलिए केवल नीले या काले रंग के बॉलपॉइंट पेन का उपयोग किया जा सकेगा। जेल पेन, इंक पेन या पेंसिल की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को साधारण और आरामदायक कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। बड़े बटन वाले कपड़े, भारी आभूषण और मोटे तलवे वाले जूते पहनने से बचना चाहिए।

इन सामानों पर रहेगा प्रतिबंध

परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, नोट्स, कागज, बैग और वॉलेट जैसी वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंधित सामान मिलने पर उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इन वस्तुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।

परीक्षा पैटर्न पर एक नजर

लिखित परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र 300 अंकों का होगा और इसे हल करने के लिए 120 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रश्न सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता तथा तार्किक क्षमता से संबंधित होंगे।

बोर्ड ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें और नियमों का पालन करते हुए आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।