Home Himachal सिरमौर में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी गाड़ी, 4 की मौ*त और...

सिरमौर में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी गाड़ी, 4 की मौ*त और 5 घायल; रेस्क्यू में आई भारी परेशानी

August 12 ,2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संगराह सब-डिवीजन के संगराह-पालर रोड पर गैट लॉग क्षेत्र में एक गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। एक घायल यात्री ने यह भी बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

दुर्गम इलाका और खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन स्थित डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

हादसे की वजह की जांच जारी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

पुलिस के अनुसार, सिरमौर में सड़क हादसों के पीछे तेज रफ्तार, क्षमता से अधिक सवारियां, खराब सड़कें, ड्राइविंग में लापरवाही और वाहनों की तकनीकी खामियां जैसे कारण सामने आते रहे हैं। अधिकारियों ने हादसे की परिस्थितियों और वाहन की स्थिति की जांच शुरू कर दी है।