Home Chandigarh चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल पर कोई लिमिट नहीं, अफवाहों के बाद DC ने...

चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल पर कोई लिमिट नहीं, अफवाहों के बाद DC ने जारी किया स्पष्टीकरण

19 May 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  Chandigarh में पेट्रोल-डीजल की खरीद पर सीमा तय किए जाने की खबरों के बाद सोमवार को शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सेक्टर-17 स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगे पोस्टरों में दोपहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये और चारपहिया वाहनों को 1500 रुपये तक ही ईंधन देने की बात लिखी गई थी। इसके बाद लोगों के बीच ईंधन संकट और राशनिंग लागू होने की चर्चाएं तेज हो गईं।

मामला बढ़ने पर चंडीगढ़ प्रशासन को आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा। Nishant Yadav ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से पेट्रोल या डीजल की बिक्री पर किसी प्रकार की कोई सीमा तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि शहर में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

DC ने बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक व फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि ईंधन की कमी के कारण खरीद पर सीमा लगाई गई है। प्रशासन ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है।

प्रशासन के मुताबिक, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भी पुष्टि की है कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि शहर में ईंधन की उपलब्धता प्रभावित न हो।

इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी न करें। सभी पेट्रोल पंपों पर सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट को लेकर हाल के दिनों में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी लोगों से पेट्रोल-डीजल का सीमित और जरूरत के अनुसार उपयोग करने की अपील की थी।