Home Hindi गैर-कृषि कार्यों में सब्सिडी वाली यूरिया के इस्तेमाल पर होगी सख्त कार्रवाई...

गैर-कृषि कार्यों में सब्सिडी वाली यूरिया के इस्तेमाल पर होगी सख्त कार्रवाई : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन

यूरिया खाद के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन

होशियारपुर, 8 मई 2026 Fact Recorder 

Punjab Desk:  डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले में सब्सिडी वाली यूरिया खाद के अनधिकृत उपयोग और डायवर्जन को रोकने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टास्क फोर्स में मुख्य कृषि अधिकारी, जनरल मैनेजर जिला उद्योग केंद्र तथा एस.पी. हेडक्वार्टर को शामिल किया गया है।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य कृषि कार्यों के लिए उपलब्ध करवाई जाने वाली सब्सिडी वाली यूरिया खाद के गैर-कृषि उपयोग पर निगरानी रखना और इसे पूरी तरह रोकना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार किसानों को उचित दरों पर यूरिया उपलब्ध करवाने के लिए भारी सब्सिडी देती है, लेकिन कुछ औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों द्वारा इसका गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यूरिया खाद का उपयोग पशु आहार (फीड) तैयार करने, रेजिन निर्माण, प्लाईवुड फैक्ट्रियों तथा अन्य गैर-कृषि कार्यों में किए जाने से सरकार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसके साथ ही किसानों के लिए खाद की उपलब्धता भी प्रभावित होती है।

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. दपिंदर सिंह संधू ने बताया कि टास्क फोर्स जिले में यूरिया खाद की सप्लाई, भंडारण और उपयोग पर लगातार निगरानी रखेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को यूरिया खाद के अनधिकृत उपयोग संबंधी कोई सूचना या शिकायत हो तो वह कृषि विभाग के संबंधित ब्लॉक कार्यालय में संपर्क कर सकता है।

मुख्य कृषि अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर-1985 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।