Home Business Adani Total Gas के शेयर में तूफानी तेजी, 6 दिन में 35%...

Adani Total Gas के शेयर में तूफानी तेजी, 6 दिन में 35% रिटर्न… अब निवेशकों को क्या करना चाहिए?

29 May 2026 Fact Recorder

Business Desk:  Adani Total Gas के शेयरों में इन दिनों जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। पिछले 6 कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयर करीब 35 फीसदी तक उछल चुके हैं, जिससे निवेशकों को बड़ा फायदा हुआ है। बुधवार को शेयर ने एक साल का नया हाई भी छू लिया।

शेयर बाजार में यह तेजी ऐसे समय आई है जब वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण सीएनजी की कीमतों में हाल के दिनों में कई बार इजाफा हुआ है, जिसका सीधा फायदा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को मिलने की उम्मीद है।

बुधवार को बीएसई पर अडानी टोटल गैस का शेयर करीब 13 फीसदी की तेजी के साथ ₹808.10 पर बंद हुआ। वहीं इंट्रा-डे कारोबार में यह ₹829.35 तक पहुंच गया, जो पिछले एक साल का सबसे ऊंचा स्तर है। गुरुवार को भी शेयर में तेजी जारी रही और यह करीब 3 फीसदी बढ़कर ₹832.40 के आसपास ट्रेड करता दिखा।

कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजों ने भी इस तेजी को समर्थन दिया है। वित्त वर्ष 2026 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 9 फीसदी बढ़कर ₹168.34 करोड़ पहुंच गया। वहीं ऑपरेशनल रेवेन्यू में भी 16.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि शेयर में तकनीकी रूप से मजबूत ब्रेकआउट देखने को मिला है। अगर यह शेयर ₹740 के ऊपर बना रहता है, तो आने वाले समय में ₹850 से ₹900 तक पहुंच सकता है।

हालांकि, बाजार विशेषज्ञों ने निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी है। उनका कहना है कि शेयर फिलहाल “ओवरबॉट” जोन में पहुंच चुका है। इसका RSI 75 के ऊपर है, जो बताता है कि इसमें काफी ज्यादा खरीदारी हो चुकी है। ऐसे में निकट भविष्य में इसमें हल्का करेक्शन या कुछ समय तक स्थिरता देखने को मिल सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, जिन निवेशकों के पास पहले से यह शेयर है, वे स्टॉप लॉस के साथ होल्ड कर सकते हैं। वहीं नई खरीदारी करने वालों को थोड़ी गिरावट या स्थिरता का इंतजार करना बेहतर हो सकता है। शेयर के लिए ₹700 से ₹645 के बीच मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि 2 मार्च 2026 को यह शेयर अपने एक साल के निचले स्तर ₹453.50 पर था। वहां से अब तक इसमें करीब 83 फीसदी की तेजी आ चुकी है।