06 May 2026 Fact Recorder
Business Desk: घरेलू सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर चांदी के दाम एक ही दिन में करीब 7,700 रुपये तक बढ़ गए, जबकि सोने की कीमतों में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर जुलाई 2026 डिलीवरी वाली चांदी 7,684 रुपये यानी करीब 3.1% उछलकर 2,52,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। वहीं जून 2026 डिलीवरी वाला सोना 2,429 रुपये की बढ़त के साथ 1,52,182 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले भी पिछले कारोबारी सत्र में दोनों धातुएं बढ़त के साथ बंद हुई थीं।
इस तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बने सकारात्मक माहौल को बड़ी वजह माना जा रहा है। खासतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हाल ही में संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की दिशा में प्रगति हो रही है।
वैश्विक बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती देखी गई। स्पॉट गोल्ड करीब 1.7% बढ़कर 4,633 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत 2.7% चढ़कर 74.80 डॉलर प्रति औंस हो गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और महंगाई की चिंता भी कीमती धातुओं की कीमतों को सपोर्ट कर रही हैं। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इनके दाम में तेजी बनी हुई है।













