Home Chandigarh पंजाब में 800 करोड़ रुपये की सड़क व पुल परियोजनाएं रद्द, जानें...

पंजाब में 800 करोड़ रुपये की सड़क व पुल परियोजनाएं रद्द, जानें क्या है कारण

पंजाब में 800 करोड़ रुपये की सड़क व पुल परियोजनाएं रद्द, जानें क्या है कारण

14 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: पंजाब में 800 करोड़ की सड़क और पुल परियोजनाएं रद्द, टेंडर में देरी बनी बड़ी वजह  चंडीगढ़ – प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)-III के तहत पंजाब को मंजूर 800 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क और पुल परियोजनाओं को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया है। कारण बताया गया है कि राज्य सरकार समय पर टेंडर जारी नहीं कर पाई और निर्माण कार्य शुरू करने में देरी हुई। यह फैसला पहले से ही वित्तीय संकट से जूझ रही पंजाब सरकार के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि केंद्र पहले ही 7,000 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रामीण विकास फंड रोक चुका है।

केंद्र के इस निर्णय से 628.48 किमी लंबाई की 64 सड़कों के उन्नयन और 38 पुलों के निर्माण पर रोक लग गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 828.87 करोड़ रुपये थी और नियम के अनुसार 31 मार्च तक कार्य शुरू होना जरूरी था।

पंजाब लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुताबिक, 59 परियोजनाओं को ‘फुल डेप्थ रिक्लेमेशन’ (FDR) तकनीक से बनाया जाना था, लेकिन विशेषज्ञ फर्मों की कमी के चलते टेंडर प्रक्रिया बार-बार अटकती रही। चौथी कोशिश में 29 मई को फर्म का चयन हो सका। वहीं, मार्च 2025 में मंजूर एक अन्य प्रोजेक्ट (4 सड़कें और 35 पुल) अभी टेंडरिंग चरण में था और इसी महीने काम शुरू होना था।

PWD ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है कि जब निर्माण कार्य शुरू होने वाला था, उसी समय परियोजनाएं रद्द करना जनता में नाराजगी पैदा करेगा। इनमें से कई सड़कें अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट और तरनतारन के सीमावर्ती इलाकों में हैं, जिनके लिए स्थानीय सांसदों ने तुरंत मरम्मत की सिफारिश की थी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री को पत्र लिखकर इन परियोजनाओं को अत्यावश्यक बताते हुए पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा, “38 पुल उन सड़कों पर बनने हैं जो पहले ही PMGSY-III के तहत पूरी हो चुकी हैं। पुलों के बिना ये सड़कें बेकार साबित होंगी।”