Home Business महंगाई के बीच राहत! 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता, जानें...

महंगाई के बीच राहत! 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता, जानें आपके शहर के नए रेट

1 August 2026 Fact Recorder

Business Desk:  अगस्त महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर कटौती की है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है, जबकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर अब 2,728 रुपये में मिलेगा। पहले इसकी कीमत 2,930 रुपये थी।

वहीं कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये हो गई है। पटना में भी 209 रुपये की कटौती के बाद अब यह 3,018 रुपये में उपलब्ध होगा। लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 2,860.50 रुपये तय की गई है, जो पहले 3,052.50 रुपये थी।

इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, चाय की दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि वे बड़े पैमाने पर 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।

हालांकि, घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को इस बार कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलो घरेलू सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार हैं। वर्तमान में दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है।

कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में लगातार दूसरे महीने आई यह कटौती छोटे कारोबारियों के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को अभी भी कीमतों में कमी का इंतजार है।