Home Hindi राजस्थान में कांवड़ यात्रा के लिए नई गाइडलाइन जारी, त्रिशूल-डंडे और नुकीली...

राजस्थान में कांवड़ यात्रा के लिए नई गाइडलाइन जारी, त्रिशूल-डंडे और नुकीली वस्तुओं पर प्रतिबंध

1 August 2026 Fact Recorder

National Desk: राजस्थान में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने नई गाइडलाइन जारी की है। नए निर्देशों के तहत कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु त्रिशूल, हॉकी, डंडे या किसी भी प्रकार की नुकीली वस्तु लेकर नहीं चल सकेंगे।

राजस्थान पुलिस ने यात्रा में शामिल सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए वैध और मूल पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य किया है। इसके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य मान्य पहचान पत्र साथ रखने होंगे।

निर्देशों के अनुसार, कांवड़ यात्रियों को केवल निर्धारित पारंपरिक कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करना होगा। यात्रा के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन, निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम या डीजे बजाने और सड़कों पर बैठकर भोजन बनाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

राजस्थान पुलिस ने जारी किए निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों के बीच बेहतर समन्वय, सतर्कता और प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विवाद होने पर तुरंत होगी कार्रवाई

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यदि यात्रा के दौरान कांवड़ियों और अन्य लोगों के बीच किसी प्रकार का विवाद होता है, तो पुलिस तत्काल हस्तक्षेप करेगी। साथ ही अधिकारियों को पूरे यात्रा मार्ग पर सामाजिक सौहार्द, कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।