चंडीगढ़, 7 जुलाई 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: परम पूज्य युग सर्वोत्कृष्ट समाधि साधक गणाचार्य 108 श्री विराग सागर जी महामुनिराज के तृतीय समाधि दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय विराग मंच द्वारा श्री दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर-27बी, चंडीगढ़ में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस अभियान के तहत 36 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान धर्मबहादुर जैन, कैलाश चंद जैन, करुण जैन, विजय जैन, नवरत्न जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय विराग मंच के अध्यक्ष आकाश जैन ने कहा कि मंच समाज सेवा, धार्मिक गतिविधियों और जनकल्याण के कार्यों के लिए निरंतर सक्रिय रहता है। उन्होंने बताया कि गुरुदेव की प्रेरणा से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से इस वर्ष 36 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने सभी लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आग्रह किया।
पौधारोपण अभियान में अशोक कुमार जैन, सुनीता जैन, शिप्रा जैन, अमित भारद्वाज, मनोज शुक्ला, पायलट अनूप सरीन सहित कई श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय विराग मंच ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।











