11 May 2026 Fact Recorder
Politics Desk: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से ईंधन, गैस और सोने की खरीद में संयम बरतने की अपील पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की यह अपील उसकी आर्थिक और नीतिगत विफलताओं को दर्शाती है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनता से त्याग की अपील कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि लोगों से कहा जा रहा है कि सोना न खरीदें, विदेश यात्रा कम करें, पेट्रोल कम इस्तेमाल करें और वर्क फ्रॉम होम अपनाएं। राहुल गांधी के मुताबिक, यह “उपदेश नहीं बल्कि नाकामी के सबूत” हैं।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां सरकार लोगों को बताने लगी है कि उन्हें क्या खरीदना चाहिए और क्या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर बार जिम्मेदारी जनता पर डालकर अपनी जवाबदेही से बचने की कोशिश करती है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान वैश्विक ऊर्जा संकट और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का जिक्र करते हुए लोगों से ईंधन की बचत करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि पेट्रोल, डीजल और गैस का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए ताकि देश पर विदेशी मुद्रा का दबाव कम हो सके।
प्रधानमंत्री ने लोगों से निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने को कहा था। साथ ही माल ढुलाई के लिए रेलवे को प्राथमिकता देने और कोरोना काल की तरह वर्क फ्रॉम होम तथा ऑनलाइन मीटिंग्स जैसी व्यवस्थाओं को फिर से अपनाने का सुझाव दिया था।
इसके अलावा पीएम मोदी ने देश की विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से अगले एक साल तक सोने की खरीद टालने की भी अपील की थी।













