“आज होगा पंजाब मंत्रिमंडल विस्तार, संजीव अरोड़ा को मिलेगा मंत्री पद”

03 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: पंजाब कैबिनेट विस्तार आज, संजीव अरोड़ा लेंगे मंत्री पद की शपथ; एक मंत्री की छुट्टी की भी अटकलें
चंडीगढ़ – पंजाब में आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार अपने कैबिनेट में एक और विस्तार करने जा रही है। आम आदमी पार्टी के लुधियाना पश्चिम से विधायक संजीव अरोड़ा आज दोपहर 1 बजे राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगे। पंजाब राजभवन द्वारा समारोह की पुष्टि की गई है।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट विस्तार के साथ एक मौजूदा मंत्री की छुट्टी की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पहले तीन मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चा थी, लेकिन बाद में इन अटकलों पर विराम लग गया था।

संजीव अरोड़ा का मंत्री बनना पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था। उन्हें कैबिनेट में महत्वपूर्ण विभाग सौंपे जाने की अटकलें हैं। वहीं, शपथ ग्रहण के साथ ही मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव है।

गौरतलब है कि यह मान सरकार के तीन साल के कार्यकाल में सातवां मंत्रिमंडलीय फेरबदल होगा। इससे पहले सितंबर 2023 में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए थे और चार मंत्रियों को हटाया गया था। तब भी बदलाव का आधार क्षेत्रीय संतुलन और पार्टी प्रदर्शन को माना गया था।

इस बार भी पार्टी के आंतरिक समीकरणों और आगामी चुनावों की रणनीति को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट में यह बदलाव किया जा रहा है।