22 July 2026 Fact Recorder
National Desk: NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। वहीं जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और संसद परिसर में भी विपक्ष ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है।
मंगलवार देर रात कुछ स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और सुरक्षा कर्मियों के साथ कथित झड़प की घटनाएं सामने आईं। हालांकि, आंदोलन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बयान जारी कर कहा कि हिंसा या उपद्रव करने वाले लोग उनके संगठन का हिस्सा नहीं हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका प्रदर्शन केवल जंतर-मंतर तक सीमित है और सभी समर्थकों से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है।
ये 16 मेट्रो स्टेशन किए गए बंद
DMRC के अनुसार, सुरक्षा कारणों से लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन जारी
मानसून सत्र के दौरान संसद परिसर में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन भी जारी है। विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष लगातार NEET पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग कर रहा है। उनका आरोप है कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही, जबकि सरकार का कहना है कि वह चर्चा के लिए तैयार है।
दिल्ली में जारी आंदोलन और संसद के भीतर-बाहर विरोध प्रदर्शन के चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।













