चण्डीगढ़ , 11 मई 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा के लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने प्रजापति बिजनेस समिट में समाज के प्रतिष्ठित उद्यमियों, युवा साथियों एवं गणमान्यजनों से संवाद कर व्यापार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।
श्री रणबीर गंगवा ने रविवार को हिसार में आयोजित प्रजापति बिजनेस समिट में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज की आर्थिक प्रगति, नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने वाले प्रेरणादायक मंच साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों, उद्यमियों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है, ताकि हर वर्ग आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने व्यापारी हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। हरियाणा उद्यम स्मृति योजना, एकल खिड़की प्रणाली (Single Window System) और सरल पोर्टल के माध्यम से व्यापारियों एवं उद्यमियों को लाइसेंस, अनुमति और विभिन्न सरकारी सेवाएं ऑनलाइन एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए ऋण सुविधा, सब्सिडी तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे युवा उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।
श्री गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने, बाजारों के आधुनिकीकरण तथा कारोबार को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वरोजगार और नवाचार की दिशा में आगे बढ़कर प्रदेश और समाज के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी, युवा उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













