Home Haryana हरियाणा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: कुख्यात अपराधी गोपाल ढेर, हेड कॉन्स्टेबल भी घायल

हरियाणा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: कुख्यात अपराधी गोपाल ढेर, हेड कॉन्स्टेबल भी घायल

सोनीपत, 22 जून 2026 Fact Recorder

Haryana Desk:  हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश गोपाल मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक हेड कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ गांव खूबडू के पास हुई। गन्नौर क्षेत्र के अटायल गांव निवासी 45 वर्षीय गोपाल पुलिस की घेराबंदी के दौरान भागने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

फायरिंग के दौरान हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र के हाथ में गोली लगी। उन्हें तुरंत खानपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतक बदमाश के पास से दो अवैध हथियार बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे। वह हत्या के दो मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहा था। करीब 70 दिन पहले पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपाल क्षेत्र में घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात, विशेषकर हत्या की साजिश रच रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार सुबह उसकी घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस आयुक्त ममता सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।