May 02, 2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें अजय राय के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है और वे उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अजय राय को अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। हालत बिगड़ने पर वे बेहोश हो गए। इसके बाद सहयोगियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले वे पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को एयरपोर्ट छोड़कर लौटे थे। दफ्तर पहुंचने के बाद उन्होंने बेचैनी की शिकायत की और घर जाने की बात कही, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई और वे अचेत हो गए।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, अजय राय को इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।