India 30 May 2026 Fact Recorder
National Desk : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी का असर घरेलू ईंधन बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी किए, जिनमें कई शहरों में कीमतों में बदलाव दर्ज किया गया है। कुछ स्थानों पर ईंधन महंगा हुआ है, जबकि कुछ शहरों में राहत देखने को मिली है।
वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 2 डॉलर घटकर 91.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। वहीं, डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड का भाव भी गिरकर 87.36 डॉलर प्रति बैरल रह गया है।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 16 पैसे महंगा होकर 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 12 पैसे बढ़कर 95.56 रुपये प्रति लीटर हो गया है। दूसरी ओर, लखनऊ में पेट्रोल 15 पैसे सस्ता होकर 101.89 रुपये प्रति लीटर और डीजल 17 पैसे घटकर 95.36 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।
बिहार की राजधानी पटना में भी ईंधन की कीमतों में मामूली कमी दर्ज की गई है। यहां पेट्रोल 4 पैसे सस्ता होकर 113.68 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 पैसे घटकर 99.68 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट
- दिल्ली: पेट्रोल 102.12 रुपये, डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई: पेट्रोल 111.18 रुपये, डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई: पेट्रोल 108.01 रुपये, डीजल 99.78 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता: पेट्रोल 113.47 रुपये, डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर
सरकारी तेल कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी करती हैं। एक्साइज ड्यूटी, वैट, डीलर कमीशन और अन्य करों को जोड़ने के बाद ईंधन की अंतिम खुदरा कीमत तय होती है। यही वजह है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल अपेक्षाकृत महंगे दिखाई देते हैं।













