01 July 2026 Fact Recorder
Haryana Desk : पंचकूला के प्रसिद्ध नाडा साहिब गुरुद्वारे के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर नकदी और सोने के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-19, चंडीगढ़ निवासी निर्मल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार शाम अपने परिवार के साथ गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। पार्किंग में अधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने अपनी कार मुख्य सड़क किनारे खड़ी कर दी थी।
कुछ समय बाद जब वे वापस लौटे तो कार की बाईं ओर का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला। कार की पिछली सीट पर रखा उनकी पत्नी का पर्स भी गायब था।
पीड़ित के अनुसार पर्स में करीब 4 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, सोने की तीन बालियां (ईयररिंग्स) तथा अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था, जिसे अज्ञात चोर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंडीमंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।













